The Dark Room सफ़र क़िताबी
अपोज़िट सैक्स के परस्पर नज़रियों का बर्डव्यू देता उपन्यास The Dark Room (R.K Narayan) मूलत : अंग्रेज़ी भाषा 162 पन्नों का यह लघु उपन्यास, भारत के आज़ाद होने के लगभग एक दशक पहले सन् 1938 में पहली बार प्रकाशित हुआ था, वो भी भारत में नहीं बल्कि ग्रेट ब्रिटेन के एक पब्लिशिंग हाऊस से। सन् 1956 में इसका पहला भारतीय संस्करण (अंग्रेज़ी) आया। शुरूआती वर्षों में यह 2 रूपए की क़ीमत पर भी बिका है। इसका मूल विषय ( theme ) भारतीय मध्यवर्गीय परिवारों में दांपत्य जीवन और पति-पत्नी के बनते-बिगड़ते संबंध हैं, जोकि भारत में वैवाहिक जीवन की दिनचर्या का अहम् हिस्सा हैं। जिसमें घरेलू कलह, मानसिक अंतर्द्वंद, पुरूष वर्चस्व, जीवन-साथी से नाखुशी, अलगाव, आकर्षण जैसे विभिन्न बिंदुओं के माध्यम से स्त्री-पुरूष के मनोविज्ञान को समझने की कोशिश की गई है। बीसवीं शताब्दी के पूर्वार्ध में यह उपन्यास पहली बार प्रकाशित हुआ। यह वो समय था जब पूरी दुनिया में स्त्री-विमर्श, feminism ( नारीवाद ) , नारी आंदोलनों की ज़मीन तैयार हो रही थी। नारी-विमर्श की पहली लहर का दौर चल रहा था। पश्चिमी देशों ही नहीं, ...