'आज़ादी मेरा ब्रांड' सफ़र क़िताबी
लेखिका - अनुराधा बेनीवाल |
सुकून है, कथेतर साहित्य श्रेणी की कई उम्दा क़िताबें पढ़ने की अपनी प्रण पालना कर पाई। इनमें से ज्यादातर नए रचनाकार थे। सुखद अनुभूति है कि साल 2021 की विदाई अनुराधा बेनीवाल की बहुचर्चित क़िताब आज़ादी मेरा ब्रांड से हो रही है। एक ऐसी क़िताब जो सदियों से अनुत्तरित खड़े प्रश्नों का दुनिया घूमकर जवाब तलाशने की कोशिश लगती है, लेकिन उन्हीं सवालों और टीस के साथ वापस लौट आती है, जिन्हें लेखिका अपने संग लेकर निकली थी।
काश कि वो अकेले बदल सकती समाज की मानसिकता को.... ये क़िताब समाज के लिए सूरज की भांति है। इसे सिर्फ़ लड़कियां ही नहीं हर महिला, पुरूष, जवान होते लड़कों, घर के बड़े-बुज़ुर्गों सब को पढ़ना चाहिए। क्या पता ये क़िताब ही मदद कर पाए समाज को ये सोचने में कि संस्कारों के नाम पर, सुरक्षा के नाम पर किस तरह लड़कियों के आत्मविश्वास के दरवाज़े बंद कर रहे हैं। जिस दिन वो किसी मुसीबत में फंसती है तब हम अपने हाथों तैयार की गई कठपुतली से एकाएक परिपक्वतापूर्ण फैसलों की उम्मीद करते हैं।
क़िताब का पृष्ठ 134-135 (ब्रातिस्लावा: तुम मेरे साथ सो सकती हो) भारतीय समाज से एक अपील-सी करता लगता है। कहता है – अगर आप लड़के या लड़की को ब्याह लायक उम्र होने पर अरेंज मैरिज की व्यवस्था के तहत एक बसा-बसाया घर दिलवा देने की गारंटी ही न दे, ब्याह का कोई प्रोमिस ही न करें तो शायद दोनों लोग ख़ुद पर ज्यादा मेहनत करेंगें। आत्मनिर्भर बनने की हरसंभव कोशिश करेंगे, उनमें निर्णय लेने की क्षमता बेहतर होगी। मैं अनुराधा की बात से पूर्णत: सहमत हूं, आपका आप जाने।
क्या करोगे उस गूढ़ साहित्यक लेखन का जो आम आदमी के पल्ले ही ना पड़ पाए। भीतर तक झकझोर ना पाए, इस क़िताब ने वो काम कर दिखाया है और इसलिए असंख्य दिलों में, घर के कोनों में बस बैठी है। अनुराधा ख़ुद को लेखिका नहीं मानती। उनके लेखन में आम आदमी-सी सरलता साफ़ झलकती भी है। यही उनके लेखन की सार्थकता है।
मैंने किताब आधारित इनके अनेक इंटरव्यू सुने। अपनी क़िताब के पन्नों से बहुत सारी बातें ये मंचों पर साझा करती हैं। लेकिन बहुत सारे वो मुद्दे और सवाल मंच पर अपनी ज़बान में न कहती हैं, न करती हैं जो क़िताब में अनुराधा ने मुखरता से लिखे हैं। वो मुद्दे, जो बस चुपचाप से इस क़िताब में हर परिस्थिति के अनुसार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए अनुराधा के संग चलते रहते हैं। एक बानगी-
सहूलियत के अनुसार सबसे पहले आदमी ढलता है, संस्कृति का बोझ औरतों को सौंपकर। फिर धीरे-धीरे महिलाएं भी बदलती हैं, लड़-झगड़कर। आपने कभी ग़ौर किया है, आदमी को अपनी सहूलियत के अनुसार ढलने के लिए किसी से लड़ना नहीं पड़ता। वह जैसे चाहे बदल जाता है, क्योंकि उसके ऊपर संस्कृति को ढोने का भार नहीं होता। उसे अपने शॉर्ट्स या टी-शर्ट को जस्टिफ़ाई नहीं करना पड़ता। लेकिन... एक महिला को पर्दे से निकलने के लिए जाने कितने झंडे उठाने पड़ते हैं। वह उससे लड़ती है, जो ख़ुद जब चाहे बदल गया, लेकिन फिर भी 'कल्चर्ड' रहना चाहता है। ख़ुद जब चाहे दाढ़ी-मूंछ कटा ली, लूंगी पहन ली या पतलून, उसे झंडे नहीं उठाने पड़ते अपनी सहूलियत के मुताबिक़ बदलने के लिए।
अकेले पूरी दुनिया नापने निकली हरियाणवी छोरी अनुराधा बेनीवाल अपनी बातों को कहने के अंदाज़ से दिल जीत लेती है। कवर पेज़ पर ‘आज़ादी मेरा ब्रांड’ बुक टाइटल देखकर लगा कि बहुत साहसी लड़की है। लेकिन उसकी यात्रा में भी आम लड़की वाले डर और आशंकाएं हमसफ़र की तरह साथ रहते हैं। उसके बावजूद अजनबी देशों में औचक लिए जाने वाले अपने सही-ग़लत फैसलों से सीख के बीज बिखेरती चलती है कि साहस कोई जन्मजात गुण नहीं बल्कि देश, काल, परिस्थितियों के मुताबिक समय-समय पर बंटोरना पड़ता है।
बाल-मन सी फ़क्कड़पंथी लिए पूरी दुनिया घूमने निकल पड़ी ये लड़की बहुत ही परिपक्व,व्यवहारिक और बिंदास भी है। आज़ादी को अपना ब्रांड भले ही बताती है, पर उस आज़ादी का मर्यादित तरीक़े से अपने व्यक्तित्व, अपनी सोच को गढ़ते और विकसित करते हुए दिखती है। अपनी आज़ादी के मद में चूर हो यूं ही समय को उड़ा और गंवा नहीं देना चाहती, बल्कि उसे पूरी तरह जी लेना चाहती है।
यहां भूखे पेट भजन होई न गोपाला पर हर दिन अटके रहते हैं। ये लड़की भूख पर भड़कती अपनी भावनाओं को मन मुताबिक खाने का न मिलने पर ब्रेड, कॉफ़ी, चाय, चना-चबेना और पानी की बोतल भर से शांत रखने का माद्दा रखती है। ज़रूरत पड़ने पर बेमन से मांसाहार को भी बड़े अनमने मन से ले लूं या ना लूं करते हुए परिस्थितियों से समझौता करती दिखती है। ख़ुद पर नियंत्रण रखती हैं। अनजान शहर में गुम हो जाने, ग़लत रास्तों पर चढ़ जाने, रातों में सड़क पर भटकते अपने आत्मविश्वास की रस्सी का सिरा ख़ुद के हाथों से छूटने नहीं देती। बेधड़क, बेझिझक अपनी बातों में हास्य का तड़का लगाते हुए serious note से तुरंत happy note पर लौट आती है। अपनी घुमक्कड़ी को घूमने की बजाए ‘फिरना’ कहना ज़्यादा पसंद करती है। भाषायी बाधाओं का मज़ा न सिर्फ़ ख़ुद उठाती हैं बल्कि उतने ही मज़े से पाठकों से बांटती हैं। फिर एक बानगी-
स्लोवाकिया का टिकट वाला अपना एक प्रकरण कुछ इस तरह लिखती हैं – बस स्टॉप पर टिकट मशीन अंग्रेज़ी में नहीं, स्लोवाक में थी। मैंने अंदाज़ से सबसे सस्ते वाला टिकट ले लिया। आख़िरी दिन मालूम पड़ा कि मैं दो दिन तक बच्चों वाली आधी टिकट पर शहर घूमती रही। शुक्र भगवान का कि कोई टिकट चैकर नहीं आया। दुनिया का फेरा लगाती अनुराधा एक जगह ठहरकर ख़ुद को इस निष्कर्ष पर ला खड़ा करती हैं – न कोई शहर ग़लत है, न कोई इंसान ग़लत हैं; कहीं न कहीं सब एकदम फ़िट हैं। जैसे कोई बड़ी-सी ‘लेगो’ पहेली हो और हमारे सारे जीवन की मशक़क्त उस बड़ी-सी पहेली में फ़िट होने की हो।
जो लोग रेखाओं, कोष्ठकों और इमोजी से अपनी क़िताब का श्रृंगार करते हुए पढ़ते हैं और लेखक की कही हर उम्दा बात को कोली भर-भर साथ लिए चलते हैं.. तो मेरी सलाह है ये क़िताब ख़रीद कर ही पढ़ें। क्योंकि मेरा दिल ये ग़लती कर बैठा है। एक दोस्त की नज़र से लाइब्रेरी में देखते ही इश्यू करवा ली। पढ़ते दौरान पेंसिल हाथ से छूटती नहीं और क़िताब को साफ़-सुथार रखना ज़रूरी है, लाइब्रेरी की संपत्ति जो है। फिर कहूंगी भई! इस लड़की को ज़रूर पढ़ लो। पाठकीय प्रतिक्रियाएं और पुस्तक समीक्षाएं पढ़कर भला नहीं होने वाला।
यू-टयूब समीक्षा
https://youtu.be/d-jpngMSQXQ
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें