'तोतो-चान' सफ़र क़िताबी


 तोतो-चान के बचपन का उत्सव-गीत

Totto-chan, the Little Girl at the Window by Tetsuko Kuroyanagi

बच्चों की स्कूली परवरिश पर आधारित ‘समरहिल’ के बाद यह दूसरी बेहतरीन क़िताब लगी। कथेत्तर साहित्य श्रेणी की यह मूल रूप से जापानी पुस्तक है। आत्मकथात्मक संस्मरण है। कई भाषाओं में अनुदित हो चुकी और जापान में किसी महिला द्वारा लिखी गई यह पहली बेस्ट सैलर क़िताब है। अपने प्रकाशन के पहले ही साल में इसकी 45 लाख प्रतियां बिकीं, जोकि जापानी प्रकाशन के इतिहास में एक रिकॉर्ड बन गया। यह क़िताब प्राथमिक शालाओं के बच्चों से लेकर उम्रदराज़ों की चहेती रही है। मैंने इसका हिंदी अनुदित संस्करण पढ़ा। हुआ कुछ यूं कि अकेले चली इस क़िताबी सफ़र में अपने 7 साल के बेटे को भी समय-समय पर संग बैठाकर तोतो-चान के बाल्य-जीवन में शामिल कर लिया। गरमी की छुट्टियों क आनंद कई गुना हो गया।
 
इस क़िताब में मुख्य चरित्र स्वयं तोतो-चान है। अपने 5 से 7 साल तक के स्कूली दिनों की ख़ुद तोतो-चान द्वारा लिखी गई अनमोल यादें हैं। तोतो-चान का स्कूल परंपरागत शिक्षण पद्धति से जुदा अभिनव शिक्षण शैली का नायाब उदाहरण है। अनूठे बच्चों (misfit) के लिए अनूठी पठन-पाठन पद्धति पर आधारित जापान का तोमोए गाकुएन नामक् स्कूल। जो बच्चों की ‘स्वाभाविकता’ को मूल्यवान मानता था, बच्चों का असल और संपूर्ण विकास उनकी निजी ‘वैयक्तिकता’ के साथ बड़े होने में मानता था। प्रचार-प्रसार और व्यवसायिक भूख से कोसों दूर गुमनाम पहचान के साथ संख्या में बस चंद बच्चे संजोए हुए काम करता था। सोसाकु कोबायाशी इस स्कूल के संस्थापक, संचालक, हेडमास्टर एवं संगीत शिक्षक सबकी भूमिका एक साथ निभा रहे हैं। सन् 1937 में यह स्कूल बना और 1945 में तोक्यो पर हुए हवाई हमलों से लगी आग में यह जलकर खाक़ हो गया।
 

Tetsuko Kuroyanagi


इस विद्यालय में मिस्टर कोबायाशी के अपने बच्चे तोमोए (बेटा) और मियो-चान, उनकी बेटी भी पढ़ते थे। लेखिका तेत्सुको कुरोयानागी, जोकि जापान से यूनिसेफ़ की सद्भावना दूत हैं और जापानी टेलीविज़न इंडस्ट्री में एक नामी कलाकार भी.... इसी स्कूल की छात्रा रही है। उन्हीं का प्यार से पड़ा नाम तोतो-चान है। सामान्य प्राथमिक विद्यालयों से भिन्न इस विद्यालय में एक किसान तक को बच्चों का शिक्षक बनाकर खड़ा कर दिया जाता है। जापानी समाज में इस पुस्तक की लोकप्रियता और उपादेयता का माप इस बात से लिया जा सकता है कि पुस्तक के दो अध्यायों – ‘खेती-बाड़ी के शिक्षक’ और ‘घटिया स्कूल’ को तीसरी और चौथी कक्षाओं के पाठ्यक्रम में शामिल कर बच्चों को बकायदा पढ़ाए जा रहे हैं।



 
जुगाड़-तुगाड़ और कम ख़र्चीले एवं प्राकृतिक संसाधनों से युक्त परिसर में ताम-झाम से ज्यादा बच्चों के 360 डिग्री विकास पर ध्यान दिया जाता है। यहां उन्हें सीखने के लिए क़िताबों और कक्षाओं के साथ बंधकर बैठने को बाध्य नहीं किया जाता। उन्हें उन्मुक्त रखा जाता है। साफ-सुथरी यूनिफ़ार्म में बच्चों को देखने का आदि नहीं ये स्कूल। उन्हें खराब कपड़े पहनकर आने को कहता है, क्योंकि खेल के दौरान कपड़ों का गंदा होना, फटना तय है। बच्चों में प्रयोगधर्मी बने रहने के बीजवपन के तौर-तरीकों की पाठशाला है.... यह पूरी क़िताब। छोटी-छोटी, मूल्यहीन, बेतुकी लगने वाली गतिविधियों से बच्चों के मनोवैज्ञानिक विकास की बात करता है - तोमोए स्कूल। जैसे- अचानक बच्चों को स्कूल के तालाब में निर्वस्त्र हो नहाने का आनंद दिलवाना, समर कैंप के नाम पर स्कूल सभागार की छत के नीचे ही तंबू लगाना सिखाने से लेकर हेडमास्टर द्वारा रात में जगकर देश-विदेश के रोचक किस्से-कहानियां सुनाना, बच्चों से संवाद स्थापित करना, फिर किसी दिन बच्चों के बीच भूतों वाला रहस्यमयी खेल आयोजित करवा उन्हें भूतों के भय से मुक्त करवाना..... वो भी इस कद्र कि भूत भयानक होने की बजाय स्वयं ही हास्यास्पद हो गए।
 
तोतो-चान अपनी प्यारी बातों, सवालों, क्रियाकलापों, दैनिक गतिविधियों, आतुरता, जिज्ञासा, अभिनवशीलता और खोजी प्रवृति के कारण सामान्य से ज्यादा सक्रिय बच्ची प्रतीत होती है। बुद्धिमान होने के साथ-साथ संवेदनशील भी है। अपने पालतू कुत्ते रॉकी के साथ उसके संवादों और मां से भी ज्यादा रॉकी से हर बात की शेयरिंग मूक प्राणियों के प्रति उसकी संवेदनशीलता को ज़ाहिर करती है। गौरतलब है तोतो-चान को उसके पिछले स्कूल ने आफ़त मानते हुए और अनुशासनहीनता को क्लास-टीचर के लिए रोज़ का सिर-दर्द बताते हुए स्कूल से निकाल दिया गया था। हुआ बस इतना था कि वो कक्षा में पढ़ाए जाने वाले औपचारिक विषयों की बजाय अपने आस-पास के माहौल, चीज़ों, प्रकृति में स्वत: स्फूर्त घटित दैनिक क्रियाकलापों से हरदम अचंभित रहती थी, उन्हें और क़रीब से देखने की चाह में हमेशा ख़ुद के भीतर उठने वाले सवालों में खोई रहती थी। नतीजतन स्कूल से निकाल देने पर तोतो-चान की मां तोमोए स्कूल की खोज करती है।
 
संयोग से तोतो-चान को तोमोए गाकुएन बहुत पसंद आता है और कोबायाशी को अपनी सहज और प्यारी बातों के कारण तोतो-चान। तोतो-चान के लिए हैरानी की बात होती है उसके स्कूल के एंट्री गेट के नाम पर दो पेड़ खड़े हैं, कक्षाएं रेल के डिब्बों में लगती हैं। कोई भी बच्चा कहीं भी और कैसे भी बैठ सकता है।  तोतो-चान ने पहली कक्षा में इस स्कूल में दाख़िला लिया था और इस तरह वो तीसरी कक्षा तक के अपने स्कूली सफ़र को इस क़िताब में लिखती हैं। तोतो-चान की बालपन वाली गतिविधियों के तार पढ़ते दौरान हम में से हर किसी के बचपन से जुड़ने लगते हैं। लगता है जैसे सारे बच्चे एक-जैसे होते हैं जिज्ञासु, विस्मृत भाव से विभोर, भयमुक्त, बेपरवाह, थोड़ी समझदारी और समझदारी के बावजूदी नादानियों के वशीभूत दुर्घटनाओं को बेख़ौफ़ आमंत्रित करने वाले भी।
 
एक बच्ची की नज़र से स्कूल की प्रयोगधर्मिता और अभिनवशीलता को केंद्र में  रखकर लिखी गई यह क़िताब बाल-मनोविज्ञान की तरफ़ इशारा करती है कि बच्चा अपने प्रारंभिक वर्षों में कितना दिलचस्प ढंग से (fascinating) जीवन को देखता है, महसूस करता है, जो देखता है उसे वही बनना भी होता है, आगे बढ़ता है तो पिछला जल्द भूल भी जाता है। बच्चे जीवन से प्रेम करना चाहते हैं, आस-पास की चीज़ों से ही सब सीखना चाहते हैं। इस क़िताब से पूरा गुज़र जाने के बाद यह एहसास होता है कि बच्चों को क़िताबी ज्ञान से अधिक व्यवहारिक ज्ञान की ज़रूरत होती है ख़ासतौर से उनकी प्राइमरी स्कूलिंग के दौरान। उनकी असली सिखलाई ग़लती करने के बाद शुरू होती है। उनके भीतर का भय.... भय के खेल में उतारने से ही ख़त्म हो सकता है। उनमें आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनने की भूख, ललक उनके विवेक को मजबूत बनाकर की जा सकती है।
 
जबकि हो उलटा रहा है। हम अपने बच्चे को असफल होता देखना ही नहीं चाहते। कोई मां-बाप अगर इस अवधारणा को अपने बच्चे पर फलीभूत करना भी चाहे तो स्कूल, आस-पास का माहौल ही बच्चे के ऊपर गाहे-बगाहे हमेशा सफ़ल होने का दबाव बनाए रखता है। उन्मुक्तता में पलने और फलने-फूलने की अभ्यस्त रचनात्मकता को स्कूल अनुशासन की बेड़ियों में बांध देते हैं। बच्चे जैसे कि बच्चे नहीं.... पालतू हैं। ऐसे बैठो, ऐसे उठो, हाथ पीछे बांधकर चलो, कक्षा में चुप रहो, बाल फौजियों की तरह एकदम छोटे रखने हैं।
 
बच्चों को रंग, चित्र बेहद आकर्षित करते हैं। लेकिन क्या उन्हें हर नई कक्षा में मिलने वाली पाठ्यक्रम पुस्तकों के कवर पेज और उन पर आकर्षक प्रस्तुतियों से प्रेमपाश में बंधने के लिए चंद रोज़ भी दिए जाते हैं। तुरंत उन्हें भूरे रंग के अति धीर-गंभीर प्रकृति वाले कवर से ढकवा दिया जाता है। अपने बाल्यकाल को याद करूं तो पांच रूपए की मोटी कॉपी आती थी- हार्ड बाऊंड। पीले रंग की पृष्ठभूमि में रथ में बतौर सारथी कृष्ण का अर्जुन को उपदेश देते हुए चित्र बहुत लुभावना लगता था। युद्धस्थली की कल्पना करने लगती थी। कृष्ण से एक कनैक्शन महसूस होने लगता था। आजकल की नोटबुक के कवर पर पौराणिक चित्रों की कल्पना तो नहीं की जा सकती। लेकिन चिकने और चमकदार कवर वाली इन नोटबुक पर ज्ञानवर्धन जानकारियां इन्हें विशिष्ट बनाती हैं। पर क्या फ़ायदा....वहां तो स्कूल द्वारा आदेशित भूरा कवर अपनी बांहें फैलाकर अपना अधिकार जमा लेता है। जानकारियां ऐसी दब जाती हैं, जैसे कि मर्यादा और अनुशासन के नाम पर घूंघटे के भीतर एक भरे-भूरे व्यक्तित्व को दबा दिया जाता है।
 
अक्सर अकुलाहट और तीव्र इच्छा होती है कि अपने बच्चे के लिए ऐसे स्कूल की तलाश कहां और कैसे पूरी होगी? समरहिल और तोतो-चान जैसी क़िताबें स्कूली शिक्षकों को कम-से-कम ज़रूर पढ़नी चाहिए। अनुशासन के नाम पर घेरे में बंद कोमल मनों में बोधपूर्वक सज़ा का भयारोपण इंटरमिडिएट होते-होते ज़्यादातर बच्चों को दब़्बू,  मौन या फिर विद्रोही ही बनाता है। उच्च शिक्षण संस्थाओं से जुड़े शिक्षक देश के उज्जवल भविष्य इन बच्चों की व्यवहारिक कमज़ोरियों के प्रबल साक्षी हैं। क्यों.....स्कूल एक obedient, neat & clean well dressed बच्चे को ही star मानता है। बच्चों का स्वभाव है ग़ल्तियां करना, खेल-खेल में सीखना, खेलते दौरान कपड़े गंदे करना, चोट खाना, बेतुके प्रयोग करना। लेखिका नें क़िताब के आमुख में एक बहुत महत्वपूर्ण बात कही है –
 
“कोबायाशी की शिक्षण पद्धति के मुताबिक सभी बच्चे स्वाभावया अच्छे होते हैं, पर इस प्राकृतिक स्वभाव को बाहरी वातावरण और वयस्कों का दुष्प्रभाव बड़ी आसानी से नष्ट कर डालता है। फलत: उनका प्रयास इस अच्छे स्वभाव को उभारने, उसे सींचने-संजोने और विकसित करने का था ताकि बच्चे अपनी निजी वैय्क्तिकता के साथ बड़े हों।”
 
एक अन्य अध्याय में वह फिर से कोबायाशी की शिक्षण पद्धित की सरहाना करती हैं –
 
“हेडमास्टर जी समसामयिक शिक्षा के आलोचक थे क्योंकि उसमें लिखित शब्द पर बहुत ज़ोर था। उनका मानना था यह गलत है। ऐसा करने पर बच्चे का ऐंद्रिय-बोध, उसकी सहज-ग्रहणशीलता और अंतर्मन की आवाज़ सब क्षीण हो जाते हैं जबकि वास्तव में ये ही उसके लिए सही प्रेरणा के स्त्रोत बन सकते हैं।”
 
क़िताब को रसस्वादु बनाने में हिंदी अनुवाद प्रशंसनीय है। जापानी संस्कृति को जानने-समझने को मिलता है। जापान भी gender bias के मामले में अन्य देशों-सा ही रहा, लेखिका के माध्यम से जापान में लड़के-लड़की की परवरिश के बीच भेद का भान हुआ। कुल 140 पृष्ठों की इस क़िताब को छोटे-छोटे अध्यायों और रोचक शीर्षकों ने पढ़ने की आतुरता को दीर्घायु बनाए रखा।
 
कुल मिलाकर एक बच्ची की नज़र से प्रयोगधर्मी स्कूल की रोचक गतिविधियों पर प्रकाश डालती, शिक्षण हेतु शिक्षकों के अभिनवशील (innovative), रचनात्मक और कलात्मक होने को प्रेरित एवं जागरूक बनाती क़िताब है। एक जापानी मुहावरे के अनुसार इस पुस्तक का जापानी शीर्षक रचा गया था, जिसका अर्थ है – ‘खिड़की के पास खड़ा’ यानी ऐसा व्यक्ति जो समाज के हाशिए पर खड़ा जी रहा है या फिर मूलधारा से कटा हुआ है। तोमोए स्कूल के बच्चे भी मूलधारा से कटे हुए बच्चे ही हैं। ऐसे बच्चे आज भी हमारे इर्द-गिर्द हैं। तोमोए स्कूल के प्रति आभार प्रकट करती लेखिका द्वारा इस शीर्षक को चुने जाने के लिंक वह इसी संदर्भ से जोड़ती हैं। कहती हैं – पिछले स्कूल में मैं भी एक अजीब-सी स्थिति में जी रही थी, सबसे अलग-थलग मूल धारा से कटी हुई। आनंद और उल्लास की वह खिड़की तोमोए में मेरे लिए जाकर खुली। स्कूल के साथ-साथ लेखिका अपनी गल्तियों पर सावाधानी और परिपक्वतापूर्वक अपनी मां द्वारा निभाए गए फ़र्ज़ों और फ़ैसलों का ज़िक्र भी दिल खोलकर करती हैं। अंत इस क़िताब की एक मारक पंक्ति से करना चाहूंगी –

“उत्सुक बच्चों की आशाएं कभी नहीं टूटतीं।”

 समीक्षा

डॉ. कीर्ति सिंह

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

'भैत्तर हज़ार की भौड़िया' सफ़र क़िताबी

'टूटते दायरे' सफ़र क़िताबी