'टूटते दायरे' सफ़र क़िताबी


 पोखरियाल की विवेकपूर्ण सोच का परिचायक कहानी-संग्रह




यह पुस्तक पिछले साल (2021) के ढलते दिसंबर की आख़िरी सुबह हाथों में पढ़ने को खुली थी। दो दिन में ख़त्म भी कर ली। रमेश पोखरियाल 'निशंक' जी की 'टूटते दायरे' सरल भाषा में लिखी गई उनकी सत्तरह कहानियों का संग्रह है। ये कहानियां पढ़ने में अधिक मेहनत नहीं मांगती इसलिए क़िताब बहुत जल्द पढ़ी जा सकती है।

इन कहानियों में उन्हीं मानवीय मूल्यों, संवेदनाओं, उष्माहीन रिश्तों और अंधेरगर्दी के आगे बौने पड़ते मानव मूल्यों पर लेखक की मंथन की मंशा नज़र आती है, जिनके साथ जीते हुए हर भला इंसान भावनात्मक और तार्किक द्वंदों से गुजरता है। इनका समाधान हर कोई चाहता है पर शायद सामाजिक सोच की सदियों से चली आ रही जड़ रीत की बेड़ियों से आज़ाद नहीं हो पाता है।  
अत्यंत संवेदनशील दृष्टि से लिखित इन कहानियों का अंत पोखरियाल जी की विवेकपूर्ण सोच का परिचय देती हैं। कहानी के हर चरित्र की मनोदशा के भीतर बड़ी ही निष्पक्षता के साथ प्रवेश करवाकर हमारी सोच में सुधार का आग्रह करते हैं।
कहानियों की इस कड़ी में इन्होंने विवाह पश्चात मां-बाप व बेटे-बहु के आपसी मौन संवाद से उपजे कई बार अनुचित फैसलों , सास-बहू के रिश्तों में मां-बेटी से संबंध बनाए रखने वाली चाबी की तलाश, आंख मूंदकर किए गए विश्वास की परिणिति, बैंक लोन के चक्रव्यूह के पीछे की जालसाजी, प्रेम में एक तरफ़ त्याग और दूसरी तरफ़ बदले की मानसिकता से किसी का जीवन तबाह कर देने की भावना है तो वहीं स्वार्थों से संचालित होते संबंधों में
'आदमी का ख़ुद भी अच्छा होना ज़रूरी है'
जैसी उक्ति को एकदम निराधार साबित करती हुई एक ऐसी कहानी है जिसमें एक भले परिवार का व्यक्ति अपने खोये सम्मान को पाने की खातिर ख़ुद को ही खो देना उचित समझता है और आत्महत्या का रास्ता चुनता है।  
'निशंक' चाहते हैं कि जग की रीत मानकर एक सांचे में ढली हुई हमारी सोच को भी बदलते समय के साथ थोड़ा अपना भी नज़रिया बदलने की ज़रूरत है। यह पुस्तक क़रीब एक दशक पुरानी है। वाणी प्रकाशन से प्रकाशित अपना दाम 295 रूपए बता रही है। मुझे पुस्तकालय में दिखी तो पोखरियाल जी को पढ़ने का मन हुआ। इनके डेढ़ दर्जन से अधिक काव्य-संकलन, कथा संग्रह और उपन्यास प्रकाशित हैं, इसी पुस्तक से पता चला।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

'भैत्तर हज़ार की भौड़िया' सफ़र क़िताबी

'तोतो-चान' सफ़र क़िताबी