'विटामिन जिंदगी' सफ़र क़िताबी
दिव्यांग जीवन का उसी की ज़बानी इनसाइडर व्यू देती
विटामिन ज़िंदगी एक genuine स्वप्नदृष्टा की जीवन-गाथा है। जिसे लेखक ने कभी एक व्यक्तिगत दस्तावेज़ यानी डायरी के रूप में लिखा था, पर बाद में इस दस्तावेज़ को एक खुली क़िताब के रूप में समाज के सामने रखा। यह क़िताब ललित कुमार के जीवन का संस्मरण है। क़िताब में ललित बताते हैं कि कैसे 4 साल की उम्र में पोलियो वायरस के हमले ने उनसे उनका सामान्य, हंसता-खेलता, एकदम स्वस्थ जीवन छीन लिया और समाज की नज़रों में चंद रोज़ में वे सामान्य बच्चे से एक असामान्य बच्चे की श्रेणी में आ गए।
ललित के व्यक्तिगत जीवन की कठिनाइयों पर, उन्हीं की ज़बानी प्रकाश डालती ये क़िताब कहीं पर भी उनकी व्यथा की कथा होने का आभास नहीं करवाती। न ही जीवन की बेबसी और परेशानियों को बताते-कहते, किसी से सहानुभूति बंटोरने जैसी गंध इस क़िताब के पन्नों से आती है। बस ये गुज़ारिश करती लगती है कि शारीरिक रूप से अक्षम इंसान को हमारा समाज इंसानी नज़रों से संभालना सीख जाए।
इस क़िताब का सबसे सशक्त पहलू मुझे यही लगा कि अब तक हम जीवन में अपनी नज़रों और नज़रिये से शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्ति को देखते आए हैं। पहली बार हम एक विकलांग व्यक्ति की नज़रों से, उन्हीं के शब्दों में उनके जीवन की रोज़मर्रा और पल-पल की दिक्कतों को समझ पाए। इस तरह ये क़िताब एक दिव्यांग के जीवन का इनसाइडर व्यू देती है। मानवीय मूल्यबोध सिखाती है। जिस तरह अनुराधा बेनीवाल ने दुनिया घूमते-घुमाते अपनी क़िताब के अंत में बड़े फ़लक पर उतरकर पुरज़ोर आवाज़ में महिला सशक्तिकरण की बात की, ठीक ललित जी ने भी विकलांगता के मुद्दे पर अंत में wider perspective में बात की है।
क़िताब के आख़िरी पन्ने बहुत बहुमूल्य हैं। समाज के नाम कई क़ीमती संदेश पीड़ा के स्वर में यहां अंकित हैं। इस क़िताब को स्कूल-कॉलेज के पुस्तकालयों में उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। भाषा बहुत सरल है। ख़ुद पढ़ने के साथ-साथ बच्चों को भेंट में देने लायक पुस्तक है।
यू-ट्यूब समीक्षा
https://youtu.be/7b-PHrZ3bm8


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें