'एक देश बारह दुनिया' सफ़र क़िताबी
विद्यार्थियों में विकास-पत्रकारिता की समझ बनाने में
एक उपयोगी संदर्भ-पुस्तक
शिरीष खरे की पुस्तक 'एक देश बारह दुनिया' पढ़ी। यह किताब पत्रकार के रूप में शिरीष के कद को ऊंचा कर देती है। मेरी नज़र से पत्रकारिता के विद्यार्थियों में विकास पत्रकारिता की समझ बनाने के लिए यह एक उपयोगी संदर्भ-पुस्तक हो सकती है। शिक्षकों को बिना हिंदी-अंग्रेज़ी भाषायी भेद के हर विद्यार्थी को यह किताब पढ़ने को प्रोत्साहित करना चाहिए।
उनके चुनिंदा रिपोर्ताजों पर आधारित इस पुस्तक में कहानियों के भीतर भी छुपी अनेक कहानियां हैं, जिन्हें कमरे में बैठकर रचना संभव है ही नहीं। क्योंकि ये कहानियां हालात के थपेड़ों से उपजी हैं। और....पत्रकार की नज़र और नज़रिये ने मिलकर उन्हें कलमबद्ध कर हमारे सामने ला खड़ा किया।
इस क़िताब का हर रिपोर्ताज़ पाठक को भारत (पर्दे के पीछे का) दर्शन करवाते हुए लगातार सवाल करता है कि ऐसे होता है देश का विकास? लोगों की व्यथाएं पोल खोलती है हमारी विकास की संकुचित समझ की..... मिलवाती हैं उन धुरंधर दिमाग़ों से जिनकी बदौलत मनरेगा जैसी सरकारी योजनाएं जातिगत दुर्भवानाओं का शिकार बना जान-बूझकर असफल साबित कर दी जाती हैं और गांधी के सपनों के भारत को सपनों तक ही सीमित कर देती हैं।
दिखती है यहाँ भारत को पूर्णत: साक्षर बनाने के स्वप्न की धज्जियां उड़ती हुई जब गांव के गांव पेट पालने को हर साल बंधुआ मजदूरों की तरह परिवार के साथ पलायन कर जाते हैं। स्कूल, घर, बस्ती-वस्ती सब पीछे छूटे जाते हैं। कमाई को दुगुना-चौगुना बनाने को कैसे हंसते-खेलते बच्चों को पढ़ने-लिखने की उम्र में 'जोड़ा' बना दिया जाता है।
ये वो बारह दुनियाएं हैं जहां बेपता लोगों की कमी नहीं। सरकारी दस्तावेज़ों में उनका कोई रिकॉर्ड नहीं। उनके ख़्वाबों के फलने-फूलने के लिए जिनके जीवन में स्थायित्व ही नहीं। इस क़िताब का कंटेंट जितना बैचेन कर देने वाला है, भाषायी बिछौना उतना ही आरामदायक है। मंझे हुए लेखक की भांति शुरूआत से अंत तक बड़ी सहजता और सलीक़े से अपनी बातें रखते हुए शिरीष पाठक को अपनी बारह तरह की दुनिया का हिस्सा बना उनका दर्द महसूस करवाते हैं।
शिरीष वज़नदार स्तरीय हिंदी भाषा, भावाभिव्यक्तियों और उपमाओं के धनी लगे। इस पुस्तक का हर हर्फ़, हर पन्ना, हर अध्याय (रिपोर्ताज) परत-दर-परत इतना कुछ समेटे हुए है कि 200 पन्नों की क़िताब अपने पन्नों की संख्या से कुछ ज़्यादा ही वज़नदार लगने लगती है। बीच-बीच में मुझे कमलेश्वर की ‘कितने पाकिस्तान’ का ख़्याल हो आता है। निस्संदेह यह सिर्फ़ एक क़िताब नहीं देश के विकास की थ्योरी, उसकी कहानी को परत-दर-परत उघाड़ता उसकी तहों तक ले जाता एक संग्रहणीय दस्तावेज़ है।
फ़ील्ड में काम कर रहे हर पत्रकार को अपने अनुभवों का दस्तावेज़ीकरण करना चाहिए। इस तरह की क़िताबें पत्रकारिता के विद्यार्थियों की मार्गदर्शक बनने के साथ ही अनेक सवालों के जवाब भी ख़ुद-ब-ख़ुद देती हैं। इस क़िताब के ज़रिये एक पत्रकार की जीवनचर्या के बारे में भी जानने का मौक़ा मिलता है। वह यायावरी का जीवन जीता है। पर शौक़िया यायावर की अपेक्षाकृत समाज के प्रति ज़्यादा संवेदनशील, ज़िम्मेदार, संजीदा यायावर बनकर जाता है समाज की उन काली खदानों तक जहां सूरज की उम्मीद की किरणें भी जाने से परहेज़ रखती हैं।
शिरीष को उनकी उम्दा क़िताब के लिए हार्दिक
बधाई
और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें