'मीरा के प्रभु गिरधर नागर (मीरा-वाणी)' सफ़र क़िताबी
उलझे हैं ?...सुलझ जाएंगे!
ओशो के ऑडियो प्रवचनों पर आधारित यह क़िताब कुल 176 पन्नों की है। वर्ष 2003 का प्रकाशन है और मूल्य मात्र 60 रूपए। ओशो को छिट-पुट अख़बारों, पत्रिकाओं, क़िताबी पन्नों और इंटरनेट पर पढ़ती-सुनती रही हूं। इस बार यह क़िताब पढ़ी। विशेषत: कृष्णभक्त मीरा के पदों और ओशो द्वारा उनकी व्याख्या पर आधारित है। इस क़िताब में कृष्ण के बहुआयामी रूपों की चर्चा है। मीरा के कृष्ण वाले स्वरूप को वो सूरदास द्वारा रचित कृष्ण के बाल-रूप, गीता में वर्णित कृष्ण के सिद्दांतवादी, दार्शनिक स्वरूप से एकदम भिन्न मानते हैं। ओशो कहते हैं -
मीरा कोई कवियित्री नहीं है। उसके पद सीधे-साधे हैं। प्रेम में गाए हैें। बैठ-बैठकर उसने मात्रा, छंद नहीं बिठाए हैं। बहुतों ने मीरा जैसे पद लिखे हैं, हज़ारों पद लिखे हैं, मीरा का नाम भी जोड़ दिया उनमें। तय करना भी मुश्किल हो गया है कि कौन-से मीरा के पद हैं और कौन-से दूसरों ने लिख दिए हैं। लेकिन पहचाने जा सकते हैं मीरा के वे पद। क्योंकि दूसरों ने लिखे हैं, उनमें कविता है, व्यवस्था है। उनमें भाषा का सौंदर्य है, लेकिन भाव दरिद्र हैं। देह सुंदर है, आत्मा अनुपस्थित है। मीरा से बड़े कवि हुए हैं, मगर मीरा-सा बड़ा भक्त कहां?
डुबकी लेना हो तो मीरा में लो! ऐसा प्यारा घाट और कहीं नहीं है।
प्रश्नोत्तर शैली में यह पूरी क़िताब उनके पांच प्रवचनों पर आधारित है। उनके अनुयायियों, उनके भक्तों द्वारा पूछे गए प्रश्न जोकि एक आम आदमी के मन में भी अक्सर उठते हैं। जैसे-
मनुष्य के जीवन में द्वंद्व क्यों है?
आख़िर संसार कहां ख़त्म होता है और परमात्मा कहां से शुरू होता है?
गिरधर गोपाल कौन हैं? गीता के कृष्ण से मीरा का कोई संबंध कैसे नहीं है? वग़ैरा-वग़ैरा तमाम सवाल हैं।
इस पूरी क़िताब से निकल जाना मतलब, आपकी जीवन-दृष्टि, सांसारिक बोध, आपके भीतर उफ़ान मार रहे अंतर्द्वंदों का वैचारिक, तार्किक स्तर पर मंथन करते हुए जीवन में अमृत-रस, शांत-रस उत्पन्न करने का मार्ग निकल आना है जैसे। वो बारंबार स्वीकार भाव की बात करते हैं।
"जो हो जैसे हो उसमें खुश रहना सीखो। सभी एक जैसे हो जाएंगे तो वैविध्य कहां से उत्पन्न होगा और परमात्मा को वैविध्य पसंद है" ये तर्क ख़ासतौर से उन लोगों को इस अंतर्द्वंद से उबरने में मदद दिलवा सकता है, जो किसी और की तरह हो जाना चाहते हैं, जिससे वे प्रभावित हैं और हो नहीं पा रहे हैं। उस चक्कर में अपने भीतर बैठी पारसमणि की चमक, कस्तूरी का भान तक नहीं कर पाते। अपने अस्तित्व को खोज नहीं पाते। और इस तरह असंतोष की अग्नि में अपना संपूर्ण जीवन स्वाहा कर देते हैं।
ओशो की परिभाषा के अनुसार 'असंतोष' मरूस्थल है। मरूस्थल किसी को पसंद नहीं होता। उससे बाहर आने के लिए मरूस्थल में ही आनंद लेना सीखना होगा। जिस दिन ये सीख जाओगे वही मरूस्थल तुम्हारे लिए मरूद्यान बन जाएगा। संतोष करना सीखना होगा। लेकिन मन मारने का नाम संतोष नहीं होता। संतोष उससे कहीं अधिक बड़ी संपदा है। जहां हूं, जैसा हूं, अच्छा हूं, इस मगन-भाव का नाम संतोष है। और जहां संतोष आया, संसार पीछे छूट जाएगा। द्वंद से बाहर आने का रास्ता भी इसी संतोष, तृप्ति, ध्यान, और जागृति में छिपा है।
उनके द्वारा परमात्मा की बात करना, उनमें विश्वास रखना, उसके द्वारा बनाई गई व्यवस्था को स्वीकार भाव से देखना यह जतलाता है कि वे भी उस पारलौकिक शक्ति में विश्ववास करते हैं। लेकिन परमात्मा को देखने की नज़र और नज़रिया समाज से भिन्न रखते हैं। वे मूर्ति में नहीं प्रकृति के हर कृत्य में परमात्मा का वास देखते हैं। उनका मानना है कि धर्म का अस्तित्व भक्त ेसे है, भक्त हैं तो भगवान हैं, भक्त नहीं होंगे तो भगवान भी नहीं। भक्त के हटते ही धर्म केवल सैद्धांतिक चर्चा मात्र रह जाता है।
विपरीत परिस्थितियों, विचारों, धर्मोॆ, धाराओं इत्यादि विरोधाभासी चीज़ों में समन्वय स्थापित कर चलने की सोच को ख़ारिज करते हुए ओशो साधक की तरह तल्लीनता से एक मार्गी हो चलने की बात करते हैं। कहते हैं समन्वय के चक्कर में कही ना पहुंच पाओगे। पहाड़ की चोटी पर पहुंचने के लिए ये सोचते रहना कि इस रास्ते जाउं या उस रास्ते, ये लंबा है या वो छोटा रास्ता इस विचार में, असमंजस में वहीं खड़ी रह जाओगे या फिर दोनों रास्तोॆ को साधने के चक्कर में देर कर बैठोगे। इस तरह समन्वय का रास्ता ही हमारी कितनी उर्जा बटोर लेगा।
पूरी क़िताब में बार-बार वो मीरा के चरित्र को उसके कृष्ण के प्रति प्रेम-भाव और सौैंदर्य को समझाते हुए बुद्ध, महावीर को भी दोहराते हैं। बुद्ध द्वारा सुझाए गए - 'कुशल उपाय' को जीवन में पालना करने का मार्ग सुझाते हैं। बुद्धि को बहुत छोटा मानते हैं। वह तो बस सही या गलत के रूप में सीमित तर्क दे सकती है। ठीक वैसे ही जैसे हम अंडा पहले आया या मुर्गी पहले के सवाल में उलझे रहते हैं। जैसे हम दिन और रात को अलग-अलग मानते हैं। जबकि रात के गर्भ में दिन बैठा होता है और दिन के गर्भ में रात। दिखता नहीं चांद दिन में, दरअसल सूरज की रोशनी में वो हमें नज़र नहीं आता। ये संबंध वर्तुलाकार बताते हैं। सांसारिक तत्वों को अलग-अलग अस्तित्वों में ढालकर देखने की बजाय उन्हें संयुक्त रूप में मानते हैं।
धर्म के आलोचक नहीं लगते। न ही अपनी कही बात और तर्कों को अनुयायियों द्वारा माने जाने के लिए बाध्य करते हैं। उन्हें आज़ाद छोड़ देते हैं। गांधी जिन पर आजतक कोई सवाल नहीं उठाता, ओशो अपने तर्क से उनकी कथनी-करनी में फ़र्क को बड़े ही तर्कसम्मत ढंग से रखते हैं। उनका तर्कशास्त्र इतना परिपक्व है कि ये तर्क चुभते नहीं बल्कि तार्किक क्षमता के फ़लक का फैलाव करने को प्रोत्साहित करते हैं।
पूरी क़िताब के केंद्र में मीरा ही हैं, गिरधर नागर के प्रति उनकी प्रेम-भाव से परिपूर्ण भक्ति की व्याख्याएं ही हैं। लेकिन प्रसंगवश उनके द्वारा बीच-बीच में सुनाई गई भरपूर कहानियां इस क़िताब की रोचकता को बढ़ाती हैं। भरी-पूरी शब्द-संपदा छिपी है क़िताब में। अध्यात्म का ज़रा-सा भी अनुभव लेना है तो एक बार इस क़िताब से गुज़र सकते हैं। जीवन के लिए एक उम्दा राह मिल जाने की संभावना मुझे ओशो के प्रवचनों में लगी। उलझे हैं तो सुलझ जाएंगे।
हालांकि ओशो किसी के कहे को बस मान लेना (मानना) संपूर्ण नहीं मानते। मान्यता को वो उधार का मानते हैं, क्योंकि वो किसी दूसरे से मिली है। असली पहचान ख़ुद द्वारा करनी होती है। पहचान ही अपनी होती है, मान्यता नहीं। जब तक अपनी समझ, अपनी दृष्टि , अपनी आंख पैदा नहीं होगी तब तक मानने को पहचान समझना सही नहीं।
ओशो के शब्दों में कहू् तो - आज इतना ही😚
डॉ. कीर्ति सिंह

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें