'भैत्तर हज़ार की भौड़िया' सफ़र क़िताबी
अलग मिज़ाज की कहानियां हैं
पिछले कुछ दिनों से, नवरत्न पांडे का कहानी-संग्रह पढ़ रही थी। पुस्तक में कुल 10 कहानियां हैं। एक से बढ़कर एक। कहानियों का सर्वाधिक आकर्षक पहलू है - इनकी आत्मा यानि कथानक। हर कहानी पाठक के मन को अपने भीतर रमा लेती है। दूसरा, वैचारिक फ़लक पर इन कहानियों के पीछे से झांकता जीवन को देखने का रचनाकार का व्यापक दृष्टिकोण बतलाता है कि लेखक अपने आस-पास के जीवन के कुशल अवलोकनकर्ता भी हैं। पुस्तक के प्राक्कथन में लेखक ने भाषायी और वैचारिक स्तर पर सद्गुरू ओशो के असर की बात की है, जोकि उनकी कहानियों में बार-बार परिलक्षित होती है। इसीलिए शायद इनकी कहानियां अपनी छाप छोड़ने में अब तक पढ़ी गई कहानियों और उनके असर को धुंधला कर गईँ।
ज़्यादातर कहानियां आत्मकथात्मक शैली में लिखी गयी हैं। इसलिए कई बार लगता है कि कहानी लेखक के व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी किसी घटना पर आधारित है। वहीं कहानियों के अंत तक पहुंचते-पहुंचते फिर ये आभास होने लगता है कि नहीं, कहानी कहने का ये रचनाकार का अपना तरीक़ा भी तो हो सकता है। कुछ एक कहानियों में मनोविश्लेषणात्मक शैली प्रतिबिंबित होती है। कहानी- अपने-अपने डर में पढ़ते दौरान लगा कि जैसे कोई आलेख पढ़ रही हूं, फिर ख़ुद ही मानना पड़ा, नहीं! आलेख नहीं, ये कहानी है। हार, कहानियां पेड़ों पर नहीं लगतीं, अपने-अपने डर, सूरज डूब गया है, भैत्तर हज़ार की भौड़िया, एक और दिन..... तुम्हारे बिना, हत्या/आत्महत्या, सीज़र, सुनो! धीरज और एक क़तरा सच ये इन दस कहानियों के नाम हैं। कहानीकार की कुछ कहानियां चिर-प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिकाओं जैसे हंस, कथादेश और हरियाणा साहित्य अकादमी की पुस्तक में भी स्थान पा चुकी हैं और काफ़ी चर्चित रहीं हैं।
सीधी-सपाट कहानियां बिल्कुल नहीं हैं... ये। पढ़ते दौरान अंदाज़ लगाना मुश्किल है कि कथानक का ऊंट किस करवट बैठने वाला है। भाषा-शैली काफ़ी समृद्ध है, सरल है, सहज है। प्रसंगवश इस्तेमाल की गई रचनाकार की कई उपमाएं दिल जीत लेती हैं। जैसे- दिन किसी कपड़े के थान की तरह खुलेगा....धीरे-धीरे, कुरूप सन्नाटा।
शीर्षक में हरियाणवी अभिव्यक्ति (भैत्तर हज़ार की भौड़िया) के इस्तेमाल से यह कहानी-संग्रह आंचलिक लग सकता है। हिंदी में जिसका मतलब है – बहत्तर हज़ार की बहू। क़िताबी दुनिया में यह नामकरण इस पुस्तक को अलग पहचान देने में सक्षम लगा। लेकिन, कथानक के मामले में कई दूसरी कहानियां जैसे – हार और सीज़र प्रभावी छाप छोड़ती हैं। हालांकि भैत्तर हज़ार की भौड़िया कहानी भी एक बहुत ही संवेदनशील मुद्दे का मार्मिक वर्णन करती है। ये मुद्दा है- हरियाणा में लिंगानुपात बिगड़ने की वजह से दूसरे राज्यों से ब्याह के लिए ख़रीदकर लाई जाने वाली लड़कियों और उसके पीछे की व्यवस्था को उजागर करना। दूसरा, कहानी संग्रह में आंचलिकता तो है, लेकिन भाषायी-तौर पर इसकी झलक एक-दो कहानियों में ही दिखती है, जबकि कहानी के परिवेश में हरियाणा की झलक अधिक मिलती है। लेखक का यह फैसला सही लगा कि उन्होंने इसे भाषायी तौर पर क्षेत्र विशेष तक सीमित नहीं रखा। हत्या/आत्महत्या कहानी आपको हरियाणवी जुमलों, अभिव्यक्तियों, शब्दों जैसे – कित गया, खालतार, डाकटर, मरग्या, बावलै, काच्चा फल तोड़ लिया, सरिता नै लियाऊं, मैं बोल्या, सामण मैं सास अर बहू कट्ठी ना रह्या करैं इत्यादि से परिचय करवाती है।
कुल मिलाकर ये कहानियां हल्की-फुल्की और मात्र मनोरंजनात्मक नहीं बल्कि पाठक को विचारवान बनाने वाली हैं। पढकर गुनेंगे तो गूढ़ता है और उस गूढ़ता का परिचय ज्यादातर कहानियों के पहले पैरा में रचनाकार द्वारा बनाई गई भूमिका से ही हो जाती है। कहानियों के भीतर-ही-भीतर दूसरी कहानियों का स्वत: स्फूर्त साथ-साथ चलना एक कहानी में कई कहानियों को पढ़ लेने जैसे रस से सराबोर करता है। यह कहानी-संग्रह लोकप्रिय होने की सभी संभावनाएं रखता है, शायद मार्केटिंग की तिकड़मबाज़ियों में कहीं पिछड़ गया है। दूसरा, इसका नाम भी शायद इसे क्षेत्र विशेष तक सीमित कर दे रहा है। जबकि भाषायी स्तर पर आंचलिकता का समावेश बहुत कम है। इसलिए हिंदी की समझ रखने वाला हर पाठक इसका आनंद उठा सकता है।
पुस्तक - भैत्तर हज़ार की भौड़िया
लेखक – नवरत्न पांडे
प्रकाशक – बोधि प्रकाशन
भाषा- हिंदी
पेपरबैक – 96 पृष्ठ
मूल्य – 120 रूपए
समीक्षा
डॉ. कीर्ति सिंह

डॉ कीर्ति सिंह... आपने बहुत बारीकी से किताब की डाइसैक्शन की है।
जवाब देंहटाएंमुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं कि ओशो ने बात कहना, बात सुनना सिखाया।वो भाषा के धुरंधर थे। उन्हें कोटिश प्रणाम।
आपकी मेधा,आपकी लेखनी से हमारा लिखना धन्य हुआ। आभार सहित: नवरत्न 💐😊🙏
पाठक और लेखक का रिश्ता reciprocal होता है। इस नाते मैं भी धन्यवादी हूं आपकी कि इतनी बेहतरीन कहानियां आपने पाठकों को दीं।
हटाएं